गोरखपुर। रेल प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस के बीच चलने वाली विशेष गाड़ी को अब नियमित अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाने का फैसला किया है। 28 अगस्त 2026 से यह ट्रेन गोरखपुर से हर शुक्रवार को 15085 नंबर से रवाना होगी, वहीं वापसी में बांद्रा टर्मिनस से 29 अगस्त से हर शनिवार को 15086 नंबर से चलेगी।
किस रास्ते से होकर गुजरेगी ट्रेन?
गोरखपुर से सुबह 7:50 बजे छूटकर यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाह नगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली होते हुए बांद्रा टर्मिनस शाम 5:45 बजे पहुंचेगी। वापसी में बांद्रा से रात 9:45 बजे चलकर यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 11, शयनयान के 8, पैंट्री कार का 1 और एसएलआरडी के 2 कोच समेत कुल 22 अमृत भारत कोच लगेंगे।
त्योहारों के लिए कासगंज-मथुरा स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को देखते हुए कासगंज-मथुरा कैंट के बीच अनारक्षित विशेष गाड़ी चलाने की भी घोषणा की है। 05307/05308 नंबर की यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त के अलावा 03, 04, 05, 14, 15, 17, 18 और 19 सितंबर को कुल 11 फेरों के लिए चलेगी। कासगंज से सुबह 9:50 बजे छूटकर यह ट्रेन मारहरा, हाथरस सिटी और राया होते हुए दोपहर 12:15 बजे मथुरा कैंट पहुंचेगी। वापसी में यह मथुरा से शाम 5 बजे चलकर रात 7:50 बजे कासगंज लौटेगी। इस गाड़ी में कुल 14 कोच होंगे।














