पॉपुलर इंस्टेंट मैसेजिंग एप वॉट्सएप अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में, कंपनी अब ‘बर्थडे रिमाइंडर’ फीचर लेकर आ रही है, जो फिलहाल एंड्रॉयड एप के बीटा वर्जन (beta 2.26.27.3) में टेस्टिंग फेज में है। यह नया फीचर यूजर्स को उनके फोन में सेव कॉन्टेक्ट्स के जन्मदिन का समय पर रिमाइंडर देगा।
कैसे काम करेगा यह फीचर?
वॉट्सएप के अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘Wabetainfo’ के अनुसार, इस फीचर के लिए एप में एक अलग ‘अपकमिंग बर्थडे’ सेक्शन होगा। जिस दिन आपके किसी कॉन्टेक्ट का जन्मदिन होगा, वॉट्सएप आपको एप के अंदर ही एक नोटिफिकेशन अलर्ट भेजेगा। इससे आपको बर्थडे याद रखने के लिए किसी अन्य कैलेंडर या थर्ड-पार्टी एप पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्राइवेसी और डेटा पर क्या है स्थिति?
वॉट्सएप ने फिलहाल डेटा प्राइवेसी को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन यह स्पष्ट है कि बर्थडे नोटिफिकेशन केवल तभी दिखाई देगा, जब यूजर ने अपनी जन्मतिथि की जानकारी वॉट्सएप के साथ शेयर की होगी। कंपनी कई देशों में एज वेरिफिकेशन के लिए पहले से ही बर्थडे डिटेल लेती रही है, लेकिन अब संभव है कि इस डेटा का इस्तेमाल बर्थडे रिमाइंडर फीचर के लिए किया जाए। उम्मीद है कि वॉट्सएप यूजर्स को यह विकल्प भी देगा कि वे अपना बर्थडे प्लेटफॉर्म पर पब्लिक रखना चाहते हैं या नहीं।
महत्वपूर्ण क्यों है यह फीचर?
आजकल ज्यादातर लोग बर्थडे विश करने के लिए वॉट्सएप का ही इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यह फीचर न केवल व्यक्तिगत स्तर पर उपयोगी होगा, बल्कि काम के दबाव के बीच अपने करीबियों को विश करना न भूलने में भी मदद करेगा। फिलहाल, यह फीचर चुनिंदा बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है और आने वाले हफ्तों में इसके सभी यूजर्स के लिए रोलआउट होने की उम्मीद है।



