उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 की लैंडिंग को आखिरी वक्त पर टालना (अबॉर्ट करना) पड़ा। इस फ्लाइट में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी अन्य यात्रियों के साथ सवार थे।
घटना के अनुसार, एयर इंडिया की यह उड़ान दिल्ली से अपने निर्धारित समय दोपहर 2:20 बजे रवाना हुई थी और इसे 3:30 बजे लखनऊ लैंड करना था। जैसे ही विमान लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने के बिल्कुल करीब पहुंचा, तभी अचानक झटका लगा और पायलट ने विमान को तुरंत दोबारा ऊपर की तरफ मोड़ दिया। लैंडिंग एप्रोच के दौरान आई इस स्थिति से विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पायलट ने उत्कृष्ट सूझबूझ और सूझबूझ का परिचय देते हुए ‘गो-अराउंड’ (Go-Around) प्रक्रिया को अपनाया और विमान को सुरक्षित हवा में ले गए। इसके बाद चक्कर लगाने के बाद दूसरे प्रयास में विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर पूरी तरह से सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।



