उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी नेता शिवपाल यादव के साथ एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य में बड़े स्तर पर साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि उत्तर प्रदेश में दोबारा एसआईआर (SIR) कराया जाना चाहिए और सवाल उठाया कि एसआईआर के बाद फिर से फॉर्म-7 क्यों लाया जा रहा है, जिससे बाहरी लोगों को वोटर बनाए जाने की आशंका है।
अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला,कहा- “ये लोग मेरे खिलाफ पैसा खर्च करके AI कैंपेन चला रहे हैं।” pic.twitter.com/FsWB2TICHJ
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) August 31, 2026
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने बदायूं में हुई पुलिस कस्टडी में मौत का मुद्दा जोर-शोर से उठाया और कहा कि राज्य में पीडीए (PDA) समाज लगातार दबंगों के निशाने पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदायूं में मुख्यमंत्री की बिरादरी के 10 सीओ तैनात किए गए हैं और पुलिस पीडीए वर्ग पर अत्याचार कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच कराने का भी ऐलान किया। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि जेपीएनआईसी (JPNIC) का कमीशन नहीं पहुंचा है, इसलिए सरकार बौखला गई है।
सबसे खास बात यह रही कि अखिलेश यादव ने अपने और डिंपल यादव के फर्जी एआई (AI) वीडियो बनाए जाने का खुलासा किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के लोग ऐसे वीडियो बना रहे हैं, लेकिन सरकार बच्चों जैसे खेल न खेले और बचपना न करे। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर एआई वीडियो बनाए जाएंगे, तो हम भी बनाएंगे। प्रेसवार्ता के अंत में बड़ा ऐलान करते हुए सपा प्रमुख ने बताया कि वह कल से बूथ स्तर पर खुद चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे और बुनियादी मुद्दों पर जनता के बीच जाएंगे।



