लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी में शामिल हुए कई नेताओं का स्वागत किया और भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। इस मौके पर बांदा से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके मयंक दीक्षित, श्रावस्ती से भाजपा छोड़कर आए नंद किशोर गिरी और उत्तर प्रदेश चेयरमैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा।
रूठे हुए लोगों को मनाएंगे और जीतेंगे
अखिलेश यादव ने सभी नए शामिल हुए नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी रूठे हुए लोगों को मनाएगी और जीतेगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में पहले बहुत विकास हुआ था, लेकिन अब विकास की गति नहीं दिखाई दे रही है।
भाजपा सरकार पर तीखे आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने वाले समय में AI वीडियो देखने वालों को भी जेल में डाल देगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है और सपा सांसद पप्पू निषाद को परेशान किया गया। पीडीए के लोगों को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये खर्च करके दूसरों की छवि खराब की जा रही है और निगेटिव कंटेंट क्रिएट किया जा रहा है।
किसानों और नौकरियों पर सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि आलू किसानों को मदद के लिए एक पैसा नहीं मिला है। नौकरी और रोजगार केवल कागजों में नहीं हैं और सरकार झूठे आंकड़े पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि एटा और कासगंज के विकास के लिए मेनिफेस्टो में प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में एक भी पावर यूनिट नहीं लगाई गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब दीयों का कंपटीशन चल रहा है कि कौन ज्यादा दीये जलाएगा।
छात्रसंघ चुनाव और SIR पर रुख
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लगातार कोशिश की है कि SIR में कोई गड़बड़ न हो। चुनाव से पहले चुनाव आयोग फिर से रिव्यू कराएगा और पार्टी इस पर ध्यान देगी।
रायबरेली और सीतापुर की घटनाओं पर सवाल
अखिलेश यादव ने रायबरेली में छात्र सभा के कार्यक्रम को भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा रोके जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार अच्छा नहीं था और यही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी सीतापुर में भी पक्षपात कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हें लगता है कि सरकार कभी नहीं जाएगी। लखीमपुर में सड़क बनाने के लिए वीडियो वायरल करने वाले गांव के लोगों पर अत्याचार किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की कमेटी वहां गई है।
रायबरेली के इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता में रायबरेली शहर के इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर शिवशंकर सिंह ने ही वहां एबीवीपी का धरना शुरू करवाया।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पुलिस कप्तान से बात की तो उन्होंने कहा कि कुछ भी नहीं हुआ। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने सीतापुर में समाजवादी नेता की होर्डिंग तोड़ी है और पहले अन्याय करते हैं, फिर अन्याय का विरोध करने पर मुकदमा दर्ज करते हैं।



