डेस्क : अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ (Haiwaan) को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म का टीजर पहले ही सामने आ चुका था और अब मेकर्स ने इसका ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में एक तरफ अक्षय कुमार का बेहद खतरनाक और डार्क अंदाज देखने को मिलता है, तो दूसरी ओर सैफ अली खान एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में उनके सामने खड़े नजर आते हैं।
ट्रेलर देखकर हो जाएंगे हैरान
बता दे कि ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे शहर से होती है, जहां लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के बीच कई लोगों और बच्चों की जान जाने की बात सामने आती है। इन घटनाओं के पीछे अक्षय कुमार का किरदार नजर आता है, जो अपने खौफनाक अंदाज से लोगों में दहशत पैदा करता है।
सैफ अली खान एक दिव्यांग पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे
फिल्म में सैफ अली खान एक दिव्यांग पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं। उनका सामना अक्षय कुमार के किरदार से होता है। ट्रेलर में दोनों के बीच होने वाली टक्कर की झलक दिखाई गई है, लेकिन कहानी के कई अहम पहलुओं को फिलहाल पर्दे के पीछे रखा गया है।अक्षय कुमार इससे पहले भी कई फिल्मों में नकारात्मक किरदार निभा चुके हैं, लेकिन ‘हैवान’ में उनका लुक और किरदार पहले से कहीं ज्यादा डार्क दिखाई दे रहा है। उनके अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस ने ट्रेलर में खास तौर पर ध्यान खींचा है।
फिल्म में बोमन ईरानी जज की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं सैयामी खेर पुलिस अधिकारी के किरदार में हैं। श्रिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली
करीब 2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर में कहानी के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, इसके जरिए फिल्म के सस्पेंस और थ्रिलर एलिमेंट को जरूर मजबूत तरीके से पेश किया गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान के आमने-सामने आने के बाद कहानी किस मोड़ पर जाएगी। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



