उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों से एक दिलचस्प और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को ऊंचाहार से लाने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर भेजा गया। जिस समय मुख्यमंत्री का संदेश आया, मंत्री मनोज पांडेय रायबरेली के ऊंचाहार में पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आयोजित ‘श्री शिवमहापुराण कथा’ में हिस्सा ले रहे थे।
बता दें, कैबिनेट बैठक को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तत्काल एक हेलीकॉप्टर ऊंचाहार भेजा गया। हेलीकॉप्टर लैंड होते ही मंत्री मनोज पांडेय उससे सवार होकर सीधे लखनऊ पहुंचे और समय पर कैबिनेट बैठक में शामिल हुए। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी और हेलीकॉप्टर से यात्रा का वीडियो मंत्री मनोज पांडेय ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है।
मंत्री मनोज पांडेय ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच मुख्यमंत्री जी द्वारा हेलीकॉप्टर भेजकर उन्हें बैठक में बुलाना उनके प्रति आत्मीय स्नेह और विश्वास का प्रतीक है, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।



