अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6E6504 की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। यह कदम विमान के कार्गो क्षेत्र में ‘स्मोक वार्निंग इंडिकेशन’ मिलने के बाद एहतियातन उठाया गया। पायलट ने समय रहते स्थिति का आकलन करते हुए निकटतम लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया और विमान को डायवर्ट करने की अनुमति मांगी।
विमान में अलार्म बजते ही लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया। रनवे पर फायर एवं रेस्क्यू टीम, एम्बुलेंस, मेडिकल स्टाफ, सुरक्षा बलों और टर्मिनल सपोर्ट टीमों को तैनात कर दिया गया।
सभी सुरक्षा इंतज़ामों के बीच शाम 18:29 बजे इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में 103 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार स्थिति को पूरी तरह सुचारू रूप से संभाल लिया गया है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।



