डेस्क: देश की चुनावी और राजनीतिक व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है। केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक संसद में चर्चा का बड़ा मुद्दा बनने जा रहे हैं। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करने और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक करने की योजना है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद इस विधायी पैकेज को संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी है। विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले निर्वाचन क्षेत्रों का नया परिसीमन पूरा करना है।

यूपी विधानसभा में 403 से बढ़कर 650 सीटें करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या मौजूदा 403 से बढ़ाकर 650 करने की योजना है। वहीं, लोकसभा की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की बात कही गई है।

परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव है, जबकि राज्यों के बीच सीटों के आवंटन का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने की बात कही गई है। इस प्रक्रिया के लिए नई परिसीमन आयोग के गठन का भी प्रस्ताव है।

महिलाओं को 15 साल तक मिलेगा आरक्षण

प्रस्तावित विधेयकों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं को आरक्षण देने की बात शामिल है। यह आरक्षण 15 साल यानी तीन चुनावी कार्यकाल तक लागू रखने का प्रस्ताव है। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव भी किया जाएगा।

2051 तक सीटों के आवंटन पर रोक का प्रस्ताव

सरकार की योजना परिसीमन की पूरी प्रक्रिया दो साल के भीतर पूरी करने की है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले नया निर्वाचन क्षेत्र नक्शा तैयार हो सके। प्रस्तावित ढांचे में 2051 तक सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्समायोजन पर रोक बनाए रखने की बात भी शामिल है।

इस विधायी पैकेज में दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्रशासित प्रदेश संशोधन विधेयक शामिल हैं। सरकार को उम्मीद है कि परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, विधेयकों पर एक दिसंबर को लोकसभा में पांच से छह घंटे तक मतदान की प्रक्रिया चल सकती है।

इन प्रस्तावों पर संसद में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, राज्यों के बीच संतुलन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और महिला राजनीतिक भागीदारी को लेकर व्यापक बहस होने की संभावना है।

परिसीमन बिल के समर्थन में CM Yogi,  बोले- सीटों में 50% बढ़ोतरी से महिलाओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व!

शेयर करना
Exit mobile version