लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां न्याय दिलाने की जिम्मेदारी संभालने वाला एक दरोगा ही खुद हवस का शिकार हो बैठा। शादी का झांसा देकर रेप करने के मामले की जांच कर रहे दरोगा धर्मवीर शाही ने पीड़िता से मेडिकल रिपोर्ट ‘फिट’ करने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाए। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आशियाना की रहने वाली एक युवती ने कुछ समय पहले एक युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया था। इस मामले की विवेचना दरोगा धर्मवीर शाही के पास आई थी। आरोप है कि दरोगा ने पीड़िता को थाने बुलाकर कहा कि उसका मामला पुराना हो चुका है और मेडिकल में कुछ नहीं आएगा, जिससे आरोपी प्रेमी बच जाएगा। इसके बाद दरोगा ने मदद के नाम पर पीड़िता से होटल में शारीरिक संबंध बनाए।
जब इस काली करतूत की पोल खुली, तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दरोगा धर्मवीर शाही के खिलाफ धारा 376 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा सकता है।



