देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले ‘दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनकी 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में ‘यूनिफॉर्म सिविल कोड’ (UCC) लागू करने और जम्मू-कश्मीर से ‘आर्टिकल 370’ हटाने जैसे बड़े फैसलों की जमकर सराहना की।
संविधान की गरिमा और सामाजिक न्याय
समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में सरकार की नीतियों ने संविधान की गरिमा को पुनर्जीवित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा, “आर्टिकल 370 हटने के बाद अब भारतीय संविधान पूरे देश में पूरी तरह लागू है। यहां तक कि माओवाद प्रभावित जिले भी अब संवैधानिक मुख्यधारा में हैं।” उत्तराखंड द्वारा UCC लागू किए जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य ने इस दिशा में कदम बढ़ाकर पूरे देश को एक नया रास्ता दिखाया है। प्रधानमंत्री ने मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर को बाबासाहेब के विजन से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा ही वंचितों को सामाजिक न्याय दिला सकता है।
दिल्ली से देहरादून का सफर अब मात्र ढाई घंटे में
213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर न केवल दिल्ली और उत्तराखंड की दूरी कम करेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों को भी लाभान्वित करेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय 6 घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा। उन्होंने इसे ‘डबल इंजन’ सरकार की विकास नीति का परिणाम बताया और कहा कि यह प्रोजेक्ट उत्तराखंड की प्रगति को नई रफ्तार देगा।
12 किमी लंबा रोड शो: जनता के जोश के आगे मांगी माफी
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री निर्धारित समय से लगभग एक घंटा देरी से पहुंचे, जिसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से मौजूद लोगों से माफी मांगी। देरी का कारण बताते हुए उन्होंने कहा, “मैं समय पर निकला था, लेकिन 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान भारी गर्मी के बावजूद उमड़े जनसैलाब का जोश इतना था कि कार को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया।” उन्होंने इसे उत्तराखंड की जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि वह यहां से नई प्रेरणा लेकर जा रहे हैं।
“उत्तराखंड का होगा यह दशक”
त्योहारों की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने बैसाखी, पुथंडू और बोहाग बिहू का जिक्र किया। उन्होंने बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ की आगामी यात्रा के लिए भी शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा, “मैंने बाबा केदार की पूजा के बाद कहा था कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। आज कनेक्टिविटी और विकास के इन प्रोजेक्ट्स को देखकर मुझे खुशी है कि राज्य उस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।”













