राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। यह वही महत्वाकांक्षी परियोजना है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 21 अप्रैल को करने वाले थे। उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बता दें, यह रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार की संयुक्त परियोजना है, जिसकी नींव वर्ष 2013 में रखी गई थी। समय के साथ इस परियोजना की लागत और विस्तार दोनों में बढ़ोतरी हुई और इसे देश के बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में शामिल किया गया।
रिफाइनरी से न केवल पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन होगा, बल्कि यहां से पॉलीप्रोपाइलीन, पॉलीइथाइलीन, बेंजीन, टोल्यूनि और ब्यूटाडाइन जैसे महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद थी। बता दें, उत्पादों से प्लास्टिक फर्नीचर, कृषि पाइप, पैकेजिंग फिल्म, ऑटोमोबाइल पुर्जे, सिंथेटिक फाइबर, चिकित्सा उपकरण और पेंट व डिटर्जेंट जैसे रसायनों सहित कई प्रकार के सामानों का निर्माण किया जा सकेगा।
बता दें, आग लगने की घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।















