मनोरंजन डेस्क : नेटफ्लिक्स की सीरीज़ ‘शैक: ट्रस्ट नो वन’ में काम करने के बाद अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा एक बार फिर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर वापसी करने जा रही हैं। इस बार वह एक फिल्म में नजर आएंगी। उनकी नई फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ एक इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है, जिसमें उनके साथ देवेन भोजानी, अमोल पालेकर, आदिल हुसैन और शेखर सुमन भी अहम भूमिकाओं में हैं।
9 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘रिपोर्टिंग लाइव’
ध्रुव त्रिपाठी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी मिहिर जाधव और ध्रुव त्रिपाठी ने लिखी है। फिल्म का निर्माण पार्थ किरण ठाकुर और जोशुआ शिरसाठ ने किया है। ‘रिपोर्टिंग लाइव’ 9 अक्टूबर को Netflix पर रिलीज होगी।
परिणीति निभाएंगी महत्वाकांक्षी रिपोर्टर का किरदार
फिल्म में परिणीति चोपड़ा एक महत्वाकांक्षी युवा रिपोर्टर की भूमिका निभा रही हैं। उनका किरदार गैर-कानूनी रेत माइनिंग की दुनिया में प्रवेश करता है। फिल्म की कहानी इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारिता और गैर-कानूनी गतिविधियों की पृष्ठभूमि के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
7 साल से फिल्म पर काम कर रहे हैं ध्रुव त्रिपाठी
डायरेक्टर और को-राइटर ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि ‘रिपोर्टिंग लाइव’ की घोषणा करना उनके लिए खास पल है। उन्होंने बताया कि वह पिछले सात साल से इस फिल्म से जुड़े हुए हैं। मिहिर के साथ फिल्म लिखने से लेकर इसे स्क्रीन पर लाने तक का सफर उनके लिए खास रहा है।
ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि वह ऐसी थ्रिलर बनाना चाहते थे जो जमीन से जुड़ी और वास्तविक लगे और जिसकी कहानी के केंद्र में आम लोगों को कभी नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने शानदार कास्ट और क्रू के साथ फिल्म बनाने को लेकर खुशी जताई और कहा कि वह दुनिया भर के दर्शकों के Netflix पर फिल्म देखने को लेकर उत्साहित हैं।
‘दमदार कलाकारों के जरिए विजन को सच होते देखना अच्छा लगा’
प्रोड्यूसर पार्थ किरण ठाकुर ने कहा कि फिल्म की कहानी और जिस स्तर पर इसे बनाया गया है, दोनों में ही दांव ऊंचे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए टीम का विजन स्पष्ट था और इतने दमदार कलाकारों के जरिए उस विजन को स्क्रीन पर साकार होते देखना अच्छा अनुभव रहा।
उन्होंने अलग-अलग पीढ़ियों के कलाकारों को एक साथ लाने को इस प्रक्रिया का सबसे रोमांचक हिस्सा बताया। पार्थ किरण ठाकुर ने परिणीति चोपड़ा और देवेन भोजानी की जोड़ी को लेकर भी उत्साह जताया और कहा कि दर्शकों ने उन्हें इससे पहले इस तरह की जोड़ी के रूप में नहीं देखा है।













