भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए दो नई डिजिटल सर्विसेज की शुरुआत की है। इस नई पहल के तहत अब टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासी घर बैठे ही ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल एप के माध्यम से आसानी से लोकल टोल पास खरीद सकेंगे। इस पास की मदद से वे संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित बार बिना किसी परेशानी के आवाजाही कर सकेंगे।

अब तक स्थानीय पास बनवाने के लिए लोगों को संबंधित टोल प्लाजा पर खुद लंबी लाइनों में खड़े होकर आवेदन करना पड़ता था और अपनी पात्रता साबित करने के लिए दस्तावेज जमा करने होते थे। लेकिन अब डिजिलाकर और ‘वाहन’ जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के एकीकरण (इंटीग्रेशन) से आवेदक का पता, वाहन नंबर और फास्टैग का विवरण ऑटोमैटिक सत्यापित हो जाता है। साथ ही, जीआईएस (GIS) आधारित सत्यापन यह सुनिश्चित करता है कि आवेदक वास्तव में 20 किमी के दायरे में रहता है या नहीं।

फिलहाल यहां शुरू हुई सर्विस

एनएचएआई के मुताबिक, इस डिजिटल लोकल टोल पास की शुरुआत फिलहाल दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से की गई है। आने वाले महीनों में इस शानदार सुविधा का विस्तार देश के अन्य सभी पात्र टोल प्लाजाओं पर भी किया जाएगा, जिससे मैनुअल जांच की आवश्यकता पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

यात्रियों की मदद के लिए ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर लॉन्च

एनएचएआई ने यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘राजमार्ग यात्रा’ एप में ही ‘मार्गमित्र’ (Margmitra) हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया है। यह एक एडवांस्ड इंटेलिजेंस डिजिटल सहायता प्लेटफॉर्म है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्री अपनी समस्या या सवाल भारत की 22 आधिकारिक भाषाओं में टाइप या बोलकर पूछ सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म फास्टैग रिचार्ज, केवाईसी, रिफंड और पास से जुड़ी हर जानकारी पल भर में उपलब्ध कराता है।

इसके अलावा, मार्गमित्र के जरिए सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दे जैसे- खराब वाहन, अतिक्रमण, फास्टैग की ब्लैकलिस्ट स्थिति और लंबित ई-नोटिस की जांच भी आसानी से की जा सकती है। यदि कोई गंभीर मामला होता है, तो शिकायत ऑटोमैटिक संबंधित विभाग तक पहुंच जाती है और यूजर रियल टाइम में अपनी शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं। एनएचएआई ने सभी नागरिकों से एंड्राइड और आईओएस प्लेटफॉर्म से ‘राजमार्ग यात्रा’ एप डाउनलोड करने की अपील की है।

Lucknow: बरसात से पहले सफाई के दावे फेल, सड़कों पर सड़ रहा कूड़ा, नगर निगम की खुली पोल!

शेयर करना
Exit mobile version