दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर अत्यधिक बल प्रयोग के मामले में सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट की 27 जुलाई की कार्यसूची के अनुसार, इन याचिकाओं पर सुनवाई प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ करेगी। इस पीठ में जस्टिस जयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहाना भी शामिल हैं।
बता दे कि इससे पहले 24 जुलाई को प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने इन याचिकाओं पर सुनवाई करने का फैसला लिया था। सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने कहा था कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों से जुड़ी याचिकाओं को जल्द सूचीबद्ध किया जाना चाहिए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले को 27 जुलाई के लिए सूचीबद्ध करने का आदेश दिया था।
प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हुआ था
दरअसल, 20 जुलाई को दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हुआ था। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कई मांगें कर रहे थे।
लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। इस कार्रवाई को लेकर कई याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई हैं। वहीं, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन और धरना खत्म कर दिया। सरकार ने भी सुरक्षा बलों की कार्रवाई की जांच कराने का आश्वासन दिया है।













