मैनपुरी। जिले के कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को लेकर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच बच्चों की विधवा मां को अपनी बहन के दामाद से प्यार हो गया है। अब दोनों एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़े हुए हैं। परिवार वालों ने जब विरोध किया तो मामला कोतवाली तक पहुंच गया, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाने की कोशिश की।
कैसे हुई नजदीकियां?
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की 45 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है और वह अपने पांच बच्चों के साथ रहती है। उसकी बहन भी उसी मोहल्ले में रहती है। बहन की बेटी की शादी करीब दो साल पहले दूसरे मोहल्ले में रहने वाले एक युवक से हुई थी। शादी के बाद युवक अपने ससुराल आने-जाने लगा और इसी दौरान महिला से उसकी नजदीकियां बढ़ने लगीं। जब परिवार के लोगों को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो बवाल मच गया।
शादी की जिद पर अड़े दोनों
परिवार के सदस्यों ने दोनों का विरोध किया, यहां तक कि महिला के बच्चों ने उसे संबंध खत्म करने की धमकी दी, लेकिन फिर भी दोनों की बातचीत चलती रही। बीते बुधवार को घर में पंचायत बुलाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन महिला अपनी बहन के दामाद के साथ रहने की जिद करने लगी। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब दोनों नहीं माने तो परिवार के लोग उन्हें लेकर कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने की काउंसलिंग
युवक ने पुलिस को बताया कि उसका महिला से करीब छह महीने से प्रेम संबंध है और अब वे शादी करना चाहते हैं। महिला ने भी युवक के साथ रहने की बात कही। जब पुलिस ने उससे पूछा कि वह अपने पांच बच्चों को कहां रखेगी, तो उसने कहा कि अपने साथ ही रखेगी, लेकिन महिला के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। इस पूरे विवाद पर सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि महिला के उसकी बहन के दामाद के साथ प्रेम संबंध का मामला सामने आया है और दोनों की काउंसलिंग कराई जा रही है।













