बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का मामला सामने आया है। संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि पति शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी से परेशान होकर पत्नी ने गुस्से में पति के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी में होता था विवाद
यह घटना बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के लक्ष्मीपुर इलाके की है। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 44 वर्षीय राजशेखर के रूप में हुई है। वह एक निजी बैंक में कार्यरत था। उसकी पत्नी मालाश्री की उम्र 35 वर्ष बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, शादी के बाद दोनों की कोई संतान नहीं हुई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
आरोप है कि राजशेखर शराब पीने का आदी था और नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। वह संतान नहीं होने के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराता और उसे बांझ कहकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
शराब पीकर घर लौटा पति, फिर शुरू हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, 11 नवंबर की रात राजशेखर शराब पीकर घर लौटा था। इसके बाद एक बार फिर संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान मालाश्री ने रसोई में रखा चाकू उठाकर पति के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजशेखर गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा।
विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद घायल राजशेखर को तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उसकी हालत गंभीर थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लक्ष्मीपुर इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों की टीम घटनाक्रम से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और पति की कथित प्रताड़ना को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय घर में क्या हुआ था और विवाद किस तरह इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














