एटा: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक ऐसी मुलाकात ने सुर्खियां बटोरी हैं, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ की मुलाकात भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश भारद्वाज के साथ हुई। लेमन ट्री होटल में हुई इस ‘शिष्टाचार भेंट’ की तस्वीर खुद राजू भैया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है।

इस मुलाकात के सियासी मायने इसलिए भी बड़े हैं क्योंकि इन दोनों नेताओं का इतिहास टकराव भरा रहा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अतरौली सीट पर राजेश भारद्वाज भाजपा के उम्मीदवार थे, जबकि उनके सामने राजू भैया की पत्नी प्रेमलता वर्मा मैदान में थीं। उस समय की कटुता और उसके बाद के वर्षों में आए विभिन्न विवादों ने इस मुलाकात को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होते ही समर्थकों ने इसे ‘भाजपा की मजबूती’ और ‘बड़े नेताओं का मिलन’ करार देते हुए शुभ संकेत बताया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे मात्र एक शिष्टाचार भेंट ही बताया गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी रणनीतियों के तौर पर देख रहे हैं।

कल्याण सिंह के परिवार और राजेश भारद्वाज के बीच पुरानी तल्खी का खत्म होना क्षेत्र की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि इस मुलाकात के बाद संगठन और चुनावी समीकरणों में क्या बदलाव आते हैं। फिलहाल, यह चर्चा एटा और आसपास के राजनीतिक हलकों में सबसे बड़ा विषय बनी हुई है।

"आज के समय में वृक्षारोपण जरूरी" CM yogi का UP को हरा-भरा बनाने का बड़ा संकल्प

शेयर करना
Exit mobile version