कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर और चर्चित चेहरे अभिजीत दीपके ने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर एक बड़ा एलान किया है। सोशल मीडिया पर लगातार मिल रहे फैंस के सवालों के जवाब में उन्होंने घोषणा की है कि जल्द ही ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 शुरू होने वाला है। इस घोषणा के बाद से उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है, हालांकि इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा करने वाले गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर चर्चा करते हुए कहा, ‘बहुत से लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे कि जंतर-मंतर का सीजन 2 कब शुरू होगा। मैं उन सभी को बताना चाहता हूँ कि जंतर-मंतर का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है।’ उनके इस एलान के बाद से इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि इस बार शो या कैंपेन में क्या नया देखने को मिलेगा।
वॉलंटियर्स मीट रद्द होने पर भड़के अभिजीत दीपके
अपनी घोषणा के साथ ही CJP फाउंडर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को वॉलंटियर्स मीट आयोजित करने के लिए दिल्ली में कोई हॉल नहीं मिलने दिया जा रहा है। दीपके ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में उनकी पार्टी की वॉलंटियर्स मीट होनी थी, जिसके लिए देश के दूर-दूर से लोग आए हुए थे, लेकिन सत्ताधारी दल के दबाव के कारण उन्हें मीटिंग करने से रोका गया।
अभिजीत दीपके ने दावा किया, ‘हम लगातार हॉल ढूंढ रहे थे, लेकिन कोई भी हमें हॉल किराए पर देने को तैयार नहीं था। हर जगह से यही सुनने को मिला कि ऊपर से दबाव है। बड़ी मुश्किल से हमें एक हॉल मिला था और हमारे पास इसकी रसीद भी थी, लेकिन आज सुबह ही हॉल के मालिकों को धमकियां दी गईं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि मालिकों से कहा गया कि यदि CJP को मीटिंग करने दी गई, तो परिणाम भुगतने होंगे।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सब इस बात का सबूत है कि विरोधी दल देश के युवाओं से डरे हुए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से उनकी पार्टी और कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।













