नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सीमा सुरक्षा बल के डिप्टी कमांडेंट के घर पर कथित तौर पर पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी। इस घटना में घर में मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विवाद कूड़ा फेंकने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी के बाद भड़का। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद के बाद फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, पड़ोसियों के बीच कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर BSF डिप्टी कमांडेंट के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। वारदात के वक्त घर में डिप्टी कमांडेंट की पत्नी और बेटा मौजूद थे। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, हालांकि परिवार के लोग सुरक्षित बच गए।
9 से 10 राउंड फायरिंग का दावा, तीन खाली कारतूस बरामद
परिवार की ओर से दावा किया गया है कि हमलावरों ने करीब 9 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। वहीं, पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितनी गोलियां चलाई गईं और घटना में कौन-कौन शामिल था।
क्राइम ब्रांच और FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से अहम सबूत एकत्र किए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, जबकि पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।














