आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की दुनिया में चीन से एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। चीन में आयोजित World Humanoid Robot Games में एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है।
इस रोबोट ने महज 9.39 सेकेंड में 100 मीटर की दूरी पूरी कर ली। वहीं इंसानों की दुनिया में सबसे तेज धावक माने जाने वाले उसैन बोल्ट ने 100 मीटर रेस 9.58 सेकेंड में पूरी की थी।
हालांकि, रोबोट और इंसानों की रेस की सीधी तुलना नहीं की जा सकती, लेकिन रोबोटिक्स की दुनिया में इसे बड़ी तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है।
Beijing Innovation Centre ने बनाया रोबोट
इस तेज रफ्तार ह्यूमनॉइड रोबोट को Beijing Innovation Centre of Humanoid Robotics ने तैयार किया है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह दो पैरों पर दौड़ सके और अपनी गति को नियंत्रित कर सके।
ह्यूमनॉइड रोबोट के लिए दो पैरों पर दौड़ना काफी चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि उन्हें लगातार संतुलन बनाए रखना पड़ता है। इसके लिए सेंसर, मोटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रियल टाइम कंट्रोल सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।
रोबोट्स ने दिखाया कई क्षेत्रों में हुनर
World Humanoid Robot Games का उद्देश्य सिर्फ रोबोट की स्पीड को परखना नहीं है। इस प्रतियोगिता में रोबोट्स को अलग-अलग क्षमताएं दिखाने का मौका दिया गया।
इस आयोजन में दौड़ के अलावा बॉक्सिंग, फुटबॉल जैसे खेल भी शामिल रहे। इसके साथ ही रोबोट्स ने ऐसे घरेलू काम भी करके दिखाए जो इंसानों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं।
भविष्य में बदल सकती है काम करने की दुनिया
ह्यूमनॉइड रोबोट की यह उपलब्धि आने वाले समय में रोबोटिक्स तकनीक के बढ़ते प्रभाव का संकेत दे रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में रोबोट घर के काम, सामान की डिलीवरी, दुकानों में काम करने और कई अन्य क्षेत्रों में इंसानों की मदद करते नजर आ सकते हैं।
AI और रोबोटिक्स के लगातार विकास के साथ आने वाले वर्षों में मशीनों की क्षमताएं और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना है।



