लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से 26 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त महारैली आयोजित की जाएगी। रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली इस रैली में दोनों नेता एक मंच पर नजर आएंगे।
गठबंधन के बाद यह दोनों दलों की पहली बड़ी संयुक्त रैली होगी। आयोजकों ने इसमें 5 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का दावा किया है। रैली को लेकर दोनों दलों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं और प्रदेश के अलग-अलग जिलों से समर्थकों को जुटाने की तैयारी है।
इस रैली को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। असदुद्दीन ओवैसी पहले ही चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश में गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर चुके हैं।
रैली के जरिए मुस्लिम और दलित समाज के लोगों को एक मंच पर लाने की तैयारी है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की रणनीति और राजनीतिक एजेंडे का भी ऐलान किया जा सकता है।
संविधान दिवस के अवसर पर होने वाली इस महारैली में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, शिक्षा, रोजगार और वंचित वर्गों के अधिकारों जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।










