वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली पर इस बार वाराणसी के घाटों पर भव्य आयोजन देखने को मिलेगा। काशी के घाट 11 लाख दीयों की रोशनी से जगमग होंगे। इस आयोजन में 15 लाख से अधिक पर्यटकों के शामिल होने की उम्मीद है।
देव दीपावली के अवसर पर गंगा की महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस दौरान 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं गंगा की महाआरती करेंगी। आयोजन के तहत वाराणसी के 7 घाटों पर महाआरती की जाएगी। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस बार देव दीपावली पर तकनीक और परंपरा का अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा। पहली बार नमो घाट पर ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो में 2 हजार ड्रोन अपनी कलाकारी और करतब दिखाएंगे। वहीं, चेत सिंह किला घाट पर लेजर शो का आयोजन होगा, जो इस भव्य आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रहेगा।
इसके अलावा गंगा के उस पार ग्रीन क्रैकर शो का आयोजन किया जाएगा। दीपों की रोशनी, गंगा की महाआरती, ड्रोन शो और लेजर शो के जरिए देव दीपावली को यादगार बनाने की तैयारी है। 24 नवंबर को काशी में होने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।











