2026 एशियन गेम्स में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम का गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया है। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका ने 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 178 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
शवाल जुल्फिकार और आयशा जफर ने संभाली पाकिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन शवाल जुल्फिकार और आयशा जफर ने शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शवाल जुल्फिकार ने 50 गेंदों पर 54 रन बनाए, जबकि आयशा जफर ने 40 गेंदों पर 71 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों के बीच 115 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 177 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 178 रनों का लक्ष्य रखा।
अटापट्टू ने अकेले पलट दिया मैच
178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को कप्तान चमारी अटापट्टू ने शानदार शुरुआत दिलाई। अटापट्टू ने 50 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
उनका साथ हसीनी परेरा ने दिया और दोनों ने श्रीलंका की रन गति को बनाए रखा। श्रीलंका ने महज 17.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में ही रोक दिया।
पाकिस्तान की गेंदबाजी में नशरा संधू महंगी साबित हुईं। उन्होंने 3.5 ओवर में 38 रन दिए। मोमिना रियासत के 2 ओवर में भी 31 रन आए।
दूसरी बार एशियन गेम्स के फाइनल में श्रीलंका
इस जीत के साथ श्रीलंका ने एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल में दूसरी बार जगह बनाई है। 2022 के एशियन गेम्स में भी श्रीलंका ने फाइनल खेला था, जहां भारत ने उसे 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
अब 2026 के फाइनल में श्रीलंका का सामना भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारत ने इससे पहले जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
पाकिस्तान के पास अब भी ब्रॉन्ज मेडल का मौका
सेमीफाइनल में हार के बावजूद पाकिस्तान की महिला टीम के लिए टूर्नामेंट खत्म नहीं हुआ है। पाकिस्तान अब ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगा। वहीं श्रीलंका गोल्ड मेडल के लिए फाइनल खेलेगा।













