बरेली: यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर भारतीय क्रू मेंबर वाले एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले के बाद चालक दल के दो भारतीय सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। इनमें से एक बरेली जिले के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
MV AGN Ragnar पर हमले के बाद दो भारतीय लापता
जानकारी के मुताबिक, ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ नाम के व्यापारिक जहाज पर शनिवार को हमला हुआ था। इस जहाज के चालक दल में चार भारतीय सदस्य शामिल थे। हमले के बाद दो भारतीयों के लापता होने की खबर सामने आई है, जबकि दो अन्य सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। लापता भारतीयों में दीपक कुमार गुप्ता भी शामिल हैं, जो बरेली के बिथरी चैनपुर विकासखंड के भरतौल गांव के रहने वाले हैं।
परिवार को मिली जानकारी, दिल्ली रवाना हुए परिजन
केंद्र सरकार के उच्च अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के बाद दीपक के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार लगातार दीपक की सुरक्षित वापसी को लेकर प्रशासन और अधिकारियों से संपर्क में है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रवेश देवी और रीतराम पटेल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को मामले से अवगत कराया।
राज्यपाल ने हर संभव मदद का दिया भरोसा
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दीपक कुमार गुप्ता को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। ग्राम प्रधान प्रवेश देवी ने बताया कि जहाज में चार भारतीय क्रू मेंबर थे, जिनमें से दो सुरक्षित हैं, जबकि दो लोगों के लापता होने की जानकारी मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं।













