अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। इस हफ्ते घरेलू बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी बड़ा उछाल आया।
बीएसई सेंसेक्स 670.12 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,899.27 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी 192.15 अंक यानी 0.79 प्रतिशत गिरकर 24,014.75 अंक पर पहुंच गया। मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा ने कहा कि पिछले हफ्ते भारतीय बाजार में रिकवरी देखने को मिली थी, लेकिन चार हफ्तों की लगातार सकारात्मक चाल के बाद बाजार ने एक कमजोर साप्ताहिक प्रदर्शन के साथ अंत किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा अस्थिरता के बावजूद घरेलू इक्विटी बाजार को लेकर उनका नजरिया सकारात्मक बना हुआ है।
अमेरिका-ईरान तनाव का असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा
अजय बग्गा के मुताबिक, बेहतर कमाई, पिछले दो सालों के अंडरपरफॉर्मेंस और मजबूत घरेलू निवेश के चलते भारतीय बाजार में मजबूती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा गिरावट को खरीदारी के अवसर के तौर पर देखा जा सकता है। अमेरिका-ईरान तनाव का असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1,237.73 अंक यानी 1.81 प्रतिशत गिरकर 67,320 पर आ गया, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7.25 प्रतिशत गिरकर 6,970.89 पर बंद हुआ।
वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी उथल-पुथल देखने को मिली।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी उथल-पुथल देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 4.01 प्रतिशत बढ़कर 79.06 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि क्रूड ऑयल 4 प्रतिशत बढ़कर 74.27 डॉलर प्रति बैरल हो गया। दूसरी ओर, सोने की कीमतों में 1.49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक दबावों के बावजूद भारतीय बाजार की संरचनात्मक मजबूती बनी हुई
वेंचुरा के रिसर्च हेड विनीत बोलिंजकर ने कहा कि वैश्विक दबावों के बावजूद भारतीय बाजार की संरचनात्मक मजबूती बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 के पहले हफ्ते में विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) नेट खरीदार बने और कैश मार्केट में 3,421 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया। उन्होंने कहा कि बाजार अभी भी भारत-अमेरिका ट्रेड वार्ता और जियोपॉलिटिकल घटनाक्रमों को लेकर संवेदनशील बना हुआ है। तकनीकी स्तर पर निफ्टी के लिए 23,700-23,800 के स्तर पर सपोर्ट और 24,200-24,300 के स्तर पर रेजिस्टेंस रहने की संभावना है।
इंडिगो के शेयर 2 प्रतिशत गिरकर 5,199.50 रुपये पर आ गए
शेयरों की बात करें तो इंडिगो के शेयर 2 प्रतिशत गिरकर 5,199.50 रुपये पर आ गए। टाटा स्टील में 2.02 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 187.32 रुपये पर बंद हुआ। मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर 1.71 प्रतिशत गिरकर 13,617 रुपये पर आ गए। वहीं, टीसीएस के शेयर 1.98 प्रतिशत बढ़कर 2,110 रुपये, ओएनजीसी 0.93 प्रतिशत बढ़कर 247.25 रुपये और एनटीपीसी 0.55 प्रतिशत बढ़कर 346.45 रुपये पर पहुंच गए।















