महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें 180 नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण के आरोपी अयान तनवीर के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने आरोपी के अवैध निर्माण को तोड़ते हुए उसकी संपत्ति पर कड़ा कदम उठाया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात था, ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके।
आरोपी के घर पर अवैध निर्माण को हटाया गया
बता दें, मिली जानकारी के अनुसार, परतवाड़ा शहर में आरोपी के एक मंजिला घर के बाहर बनाई गई अवैध लोहे की सीढ़ी को जेसीबी से गिराया गया। यह सीढ़ी पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए बनाई गई थी और नगर परिषद ने इसे अवैध करार दिया था। इस कार्रवाई में बीजेपी विधायक प्रवीण तायड़े भी मौके पर मौजूद थे।
यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अयान को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़कियों को ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर उन्हें मुंबई और पुणे ले जाकर उनके अश्लील वीडियो बनाता था। आरोपी ने करीब 350 अश्लील वीडियो बनाए थे और इन वीडियो के जरिए वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की।
राजनीतिक कनेक्शन और पुलिस की कार्रवाई
आरोपी अयान तनवीर का नाम एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा हुआ था। हालांकि, पार्टी ने इस मामले से खुद को अलग कर लिया है। पुलिस ने 14 अप्रैल को अयान को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सात दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो को और किसके साथ साझा किया गया था।















