बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोढ़ा प्रखंड के एनएच-31 पर डागपुर बकरी फार्म के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कई लोगों को कुचलती चली गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बता दें, जानकारी के अनुसार, यात्री बस पूर्णिया से भागलपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस डागपुर के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस और बेकाबू हो गई और एक पिकअप वैन से भी जा टकराई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कई राहगीर इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।











