अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान सोशल मीडिया पर बयानों को लेकर सुर्खियों में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई रानीपुर कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की ओर से 24 अक्टूबर की रात दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व मानहानिकारक टिप्पणी करने के साथ-साथ व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने, पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 12 घंटे के भीतर सहारनपुर से उर्मिला सनावर को हिरासत में लेकर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम (Indecent Representation of Women Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले से भी हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की कानूनी और तकनीकी जांच जारी है, और सभी साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।



