उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ के अवसर पर एक भव्य और गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस शहीदों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्मृति परेड की सलामी ली और अमर शहीदों के शौर्य व बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बता दें, इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की पिछली सरकारों और कानून-व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफियाराज और अराजक तत्वों का बोलबाला था, जहां अपराधी और दंगाई हावी हुआ करते थे। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सरकार की सख्त नीतियों के चलते यूपी की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है और राज्य ‘उपद्रव प्रदेश’ से बदलकर ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के आधुनिकीकरण और महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की है, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि वीर पुलिसकर्मियों का शौर्य और कर्तव्यपरायणता हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। सरकार उत्तर प्रदेश को पूरी तरह भयमुक्त, अपराधमुक्त और विकसित राज्य बनाने के अपने संकल्प पर लगातार काम करती रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।












