उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर एक चौंकाने वाला और बेहद खतरनाक मामला सामने आया है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शक्तिखंड स्थित शगुन स्वीट्स से खरीदी गई काजू कतली में धारदार ब्लेड का टुकड़ा निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्राहक ने मिठाई खाते समय ब्लेड मिलने का तुरंत वीडियो बना लिया और दुकान प्रबंधन पर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया।
बता दें, पीड़ित ग्राहक के अनुसार उसने शक्तिखंड स्थित मशहूर शगुन स्वीट्स से काजू कतली खरीदी थी। घर जाकर जब मिठाई खाने लगे तो उसमें लोहे के ब्लेड का टुकड़ा मिला, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि जब पीड़ित ग्राहक शिकायत लेकर वापस दुकान पर पहुंचा, तो दुकान के मैनेजर ने अपनी गलती मानने और समाधान करने के बजाय उल्टा ग्राहक को ही धमकाना और बदसलूकी करना शुरू कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को मामले की लिखित शिकायत दी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई व दुकान का लाइसेंस रद्द करने की मांग कर रहे हैं। त्योहारों के मौसम में सामने आई इस गंभीर लापरवाही ने शहर में बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।












