वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड पर हुए दर्दनाक बोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि हादसे में मारे गए भारतीय नागरिकों के शव हो ची मिन्ह सिटी पहुंच गए हैं। जरूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें जल्द से जल्द भारत भेजा जाएगा।

इस मुश्किल समय में भारत ने वियतनाम के सहयोग की सराहना की

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए वियतनामी अधिकारियों का धन्यवाद किया। दूतावास ने कहा कि वह शवों को भारत वापस भेजने के लिए वियतनामी अधिकारियों और कॉन्सुलेट टीमों के साथ मिलकर काम कर रहा है। दूतावास ने लिखा कि फु क्वोक आइलैंड बोट हादसे में मारे गए 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए वियतनामी अधिकारियों ने जरूरी प्रक्रियाओं में सहयोग किया है। इस मुश्किल समय में भारत ने वियतनाम के सहयोग की सराहना की है।

हादसे में जीवित बचे लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई

दूतावास ने यह भी बताया कि हादसे में जीवित बचे लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे भारत लौट रहे हैं। वहीं, फु क्वोक अस्पताल में भर्ती एक अन्य व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है। दूतावास के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल दो मरीजों में से एक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि दूसरे का अभी इलाज जारी है।

नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे

वियतनामी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की टूरिस्ट स्पीडबोट AG 26751 भारतीय पर्यटकों और क्रू सदस्यों को लेकर होन मे रट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी। बताया गया कि नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। यह बोट होन मे रट न्गोई से करीब 400 मीटर की दूरी पर पलट गई।

इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित कानूनी उल्लंघन के मामले में एक 57 वर्षीय स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

सरकार और दूतावास लगातार वियतनामी अधिकारियों के संपर्क में हैं

वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने में मदद के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से मृतकों और प्रभावित लोगों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। सरकार और दूतावास लगातार वियतनामी अधिकारियों के संपर्क में हैं।

आगरा कैंट स्टेशन पर दो विभागों में घमासान, RPF और डिप्टी SS के बीच जमकर हुई मारपीट

शेयर करना
Exit mobile version