हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक बड़े कारोबारी के घर हुई 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में पुलिस ने नेपाल के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के साथ नेपाल भागने की फिराक में थे।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कीमती जेवरात बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इनके पास से करीब 7 किलो सोना, 1 किलो चांदी के आभूषण, सोने-चांदी के बिस्कुट और सिक्के बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी कमल शाही, उसकी पत्नी विमला शाही और साली कल्पना शाही के रूप में हुई है। ये तीनों हैदराबाद के हाई-टेक इलाके साइबराबाद क्षेत्र के गाचीबौली में एक नामचीन कारोबारी के घर घरेलू नौकर (घरेलू कर्मचारी) के रूप में काम करते थे।
आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से कारोबारी के घर में रखी करोड़ों की नकदी और जेवरातों पर हाथ साफ किया और वहां से फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर रामपुर पुलिस ने घेराबंदी करके इन्हें दबोच लिया। रामपुर और साइबराबाद पुलिस बरामद माल के सत्यापन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।



