गोरखपुर। जिले के चौरीचौरा थाने में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अचानक अपने पर्स से फिनायल निकालकर पी ली। पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाई और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच गई। दरअसल, पूरा मामला प्रेम-प्रसंग और उसी से जुड़े एक केस का है, जिसने अचानक ऐसा मोड़ लिया।

क्या है पूरी कहानी?

देवरिया जिले की रहने वाली इस युवती का चौरीचौरा के मुंडेरा बाजार निवासी धनंजय निषाद नाम के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती का आरोप था कि युवक ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। इसी आरोप में दो दिन पहले ही उसने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर शुक्रवार को युवक को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

थाने में क्या हुआ?

शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती अचानक चौरीचौरा थाने पहुंची और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से अपने प्रेमी से मिलने की जिद करने लगी। पुलिस ने उसे समझाया कि आरोपी अब न्यायिक हिरासत में जेल जा चुका है और उससे मिलने के लिए जेल प्रशासन के नियमों का पालन करना होगा। यह सुनते ही युवती भड़क गई और उसने अचानक अपने पर्स में रखी फिनायल निकालकर पी ली। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए एंबुलेंस बुलाई और उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू कर उसकी जान बचा ली।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती ने ही तीन दिन पहले युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया। शनिवार को वह उसी युवक से मिलने की जिद कर रही थी। पुलिस ने जब जेल के नियमों की जानकारी दी तो उसने गुस्से में फिनायल पी लिया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है और वह पूरी तरह खतरे से बाहर है।

Uttar Pradesh | Lucknow में मकान कब्जे की कोशिश! राज बिल्डर समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप

शेयर करना
Exit mobile version