लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 5 स्नातक और 6 शिक्षक कोटे की कुल 11 सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। सुबह से शुरू हुई मतपत्रों की छंटनी और प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती के बाद अब धीरे-धीरे शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के बीच माना जा रहा है, जिसके चलते राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है।

बता दें, राजधानी लखनऊ की शिक्षक निर्वाचन सीट से शुरुआती रुझानों में बीजेपी प्रत्याशी उमेश द्विवेदी बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इसके अलावा, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के श्रीचंद शर्मा भी आगे चल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल शुरुआती दौर में आगे निकलते दिखाई दे रहे हैं। वाराणसी और गोरखपुर क्षेत्रों से भी मतों की गिनती के साथ शुरुआती रुझान आने का सिलसिला जारी है।

प्रशासनिक स्तर पर मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। चूंकि यह मतदान बैलेट पेपर और सिंगल ट्रांसफरवेल वोट सिस्टम के जरिए हुआ है, इसलिए अंतिम परिणामों के लिए पूरी प्रक्रिया के चरणवार पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है। इन चुनावों के परिणाम आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं।

UP MLC Election Counting: ‘11 की 11 सीटें सपा जीत रही है’ रविदास मल्होत्रा का बड़ा दावा

शेयर करना
Exit mobile version