Uttar-Pradesh: शाहजहांपुर जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पहले हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। यह घटना थाना पुवायां क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बता दें, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, दूसरी घटना थाना खुटार क्षेत्र की है, जहां एक टैंकर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दुल्हन समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हुए इन दो हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों की मुख्य वजह माना जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।


