हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कालाढूंगी रोड किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं मिली, लेकिन कान के पास हल्की खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
कैसे मिली सूचना?
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 के जरिए खबर मिली कि कमलवागांजा रोड पर खन्ना होटल के सामने एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, तो देखा कि एक व्यक्ति चित्त अवस्था में पड़ा है और उसकी चप्पलें सड़क किनारे अलग-अलग जगहों पर बिखरी हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक को पहचान
मृतक की पहचान इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक निवासी 41 वर्षीय दीपक भट्ट पुत्र उर्वादत्त भट्ट के रूप में हुई। मौके पर मौजूद उनकी भाभी रेनू भट्ट ने पुलिस को बताया कि दीपक शराब पीने का आदी था और उसका इसका इलाज भी चल रहा था। डॉक्टरों ने उसे शराब से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी थी। गुरुवार रात करीब 9 से साढ़े नौ बजे के बीच वह घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसकी लाश मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।















