उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या की जानकारी किसी और ने नहीं, बल्कि खुद आरोपी पति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके दी।
पति ने पुलिस को फोन पर दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। इस सूचना के तुरंत बाद जब पुलिस ने कॉलर से दोबारा संपर्क साधने की कोशिश की, तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए कॉल की लोकेशन ट्रेस की और मौके पर पहुंची। वहां एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में 26 वर्षीय काजल का शव खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच और साक्ष्यों से साफ हुआ कि महिला की मौत गोली लगने की वजह से हुई है।
मृतका के भाई के अनुसार, पिछले काफी समय से काजल और उसके पति के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए हैं। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी पति की सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर तलाश में जुटी हुई हैं।












