उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आंध्र प्रदेश में आयोजित स्वर्ण भारत ट्रस्ट के सिल्वर जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि भले ही हमारे राज्य अलग-अलग हों, लेकिन विकसित भारत बनाने की हमारी सोच और संकल्प एक ही है। उन्होंने वर्ष 2001 में स्थापित स्वर्ण भारत ट्रस्ट के सामाजिक योगदान की जमकर सराहना करते हुए कहा कि भूतपूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू से उन्हें जनसेवा और ग्रामीण उत्थान की प्रेरणा मिली है।
बता दें, मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव केवल निवास स्थान नहीं, बल्कि उत्पादन, ज्ञान, कला और शिल्प के वास्तविक केंद्र हैं। यूपी सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के जरिए पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार से जोड़ा गया है। इसके अलावा, राज्य में श्रमिकों व गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना की गई है।
सीएम योगी ने पिछले 12 वर्षों में देश और प्रदेश में आए सकारात्मक सामाजिक बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुआं मुक्त रसोई, स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण और जनधन योजना से करोड़ों परिवारों को सीधे वित्तीय आजादी मिली है। उत्तर प्रदेश आज देश का एक प्रमुख निर्यातक राज्य बन रहा है, और सरकार का लक्ष्य है कि कल्याणकारी योजनाओं की सेवा वहां तक पहुंचे जहां उसकी सबसे ज्यादा आवश्यकता है।














