उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई किया है। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मकान से करीब 450 किलोग्राम अवैध विस्फोटक पदार्थ और पटाखा बनाने की सामग्री बरामद की है। इस भारी मात्रा में मिले बारूद और रसायन को देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए।
बता दें, यह पूरा मामला बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टांडा का है। पुलिस को काफी समय से इलाके में अवैध रूप से पटाखा निर्माण और विस्फोटक भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस बल ने योजनाबद्ध तरीके से टांडा गांव में संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी, जहां से यह जानलेवा सामग्री जब्त की गई।
पुलिस प्रशासन ने पूरी विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव के बीचों-बीच इतने बड़े पैमाने पर बारूद मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में जुट गई है।














