डेस्क: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य की विकास यात्रा और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड का बजट गठन के समय करीब 4 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.19 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 65 लाख के पार पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों में अपने गृह राज्य के विकास में योगदान देने की इच्छा लगातार बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को एक मंच पर लाने के लिए पूरे दिन का सम्मेलन आयोजित करती है, ताकि वे अपनी जन्मभूमि, गांव, विरासत और संस्कृति से दोबारा जुड़ सकें।
गांवों से जुड़ रहे प्रवासी उत्तराखंडी, रिवर्स माइग्रेशन में 44% की बढ़ोतरी
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड से बाहर रहकर अपनी पहचान बनाने वाले कई लोग अब अपने पैतृक गांवों की ओर लौट रहे हैं। इतना ही नहीं, कई लोग अपने गांवों को गोद लेकर उनके विकास में भी भागीदारी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन यानी घर वापसी की पहल के तहत पिछले कुछ वर्षों में लोगों की भागीदारी बढ़ी है। इस प्रक्रिया में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी जड़ों और विरासत से दोबारा जुड़ने का सकारात्मक संकेत बताया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-दुनिया में लगभग हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। राज्य से बाहर रहने वाले प्रवासियों की संख्या भी प्रदेश में रहने वाली आबादी के लगभग बराबर है। ऐसे में उनका अनुभव और सहयोग उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रसून जोशी ने युवाओं से संस्कृति और भाषा बचाने की अपील की
सम्मेलन में प्रसार भारती के अध्यक्ष और प्रसिद्ध गीतकार, कवि एवं लेखक प्रसून जोशी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लौटने और अपनी जड़ों से जुड़ने को लेकर खासतौर पर युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा दिखाई दे रही है।
प्रसून जोशी ने युवाओं से अपील की कि वे रोजगार और कारोबार के अवसरों का लाभ उठाने के साथ अपनी संस्कृति और मातृभाषा को भी संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि युवा मनोरंजन से जुड़े वीडियो और रील बनाते समय अपनी स्थानीय भाषा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मोहन सिंह बिष्ट ने बताया, पहले पहाड़ों में कितनी मुश्किल थी जिंदगी
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने भी उत्तराखंड के विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने राज्य गठन के बाद हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पहाड़ी इलाकों में बुनियादी सुविधाएं हासिल करना बेहद मुश्किल था।
उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि पहाड़ों के गांवों तक पहुंचने में कई घंटे और कभी-कभी कई दिन तक लग जाते थे। स्कूल पहुंचने में भी 12 से 14 घंटे तक का समय लग जाता था।
बिष्ट ने कहा कि अब हालात बदल रहे हैं। लोगों को अपने आसपास ही स्कूल की सुविधा मिल रही है और घरों तक पानी पहुंच रहा है। पहले लोगों को सिर पर बर्तन रखकर दूर से पानी लाना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि प्रवासी सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्य से बाहर रहने वाले उत्तराखंडियों को अपने प्रदेश के विकास से जोड़ना और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर तैयार करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की तरक्की और उत्तराखंड को समृद्ध बनाना उनका मिशन है।
राज्य के विकास में प्रवासियों की भागीदारी पर जोर
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में देश और विदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे उत्तराखंड मूल के लोगों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में राज्य से उनके जुड़ाव, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उत्तराखंड के विकास में उनकी भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासियों से अपील की कि वे अपने अनुभव, संसाधनों और क्षमताओं के माध्यम से अपने पैतृक प्रदेश की तरक्की में योगदान दें।











