सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के मालिक एलन मस्क ने कंटेंट क्रिएटर्स और यूजर्स के लिए एक नया और क्रांतिकारी फीचर पेश किया है। अब ‘X’ पर पोस्ट को पसंद करने के साथ-साथ क्रिएटर्स को सीधे पैसे भी भेजे जा सकेंगे। इस नए फीचर के तहत यूजर लाइक बटन को लॉन्ग-प्रेस (देर तक दबाकर) करके किसी भी यूजर या पसंदीदा क्रिएटर को 1 डॉलर ($1) टिप के तौर पर भेज सकेंगे।
यह पूरी वित्तीय प्रक्रिया ‘X’ के अपने इन-हाउस डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म ‘X मनी’ के जरिए पूरी होगी। एलन मस्क काफी समय से ‘X’ को केवल एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के बजाय एक ‘एवरीथिंग ऐप’ के रूप में विकसित करने पर काम कर रहे थे, जिसमें चैटिंग, शेयरिंग के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग और पेमेंट फीचर्स भी शामिल हों। ‘X मनी’ के जरिए टिपिंग फीचर की शुरुआत उसी दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
कंपनी के अनुसार, यह नया टिपिंग फीचर फिलहाल शुरुआती चरण में केवल अमेरिका (US) के X यूजर्स के लिए ही उपलब्ध कराया गया है। अमेरिका में सफल टेस्टिंग और फीडबैक मिलने के बाद इसे भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जाएगा। इस नए फीचर से प्लेटफॉर्म पर ओरिजिनल कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स को सीधे आर्थिक मदद मिलेगी और उनकी कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।



