सुबह के समय एड़ियों में दर्द महसूस होना एक आम समस्या है, जो कई लोगों को बिस्तर से उठते ही होती है। जैसे ही पहला कदम जमीन पर पड़ता है, एड़ी में तेज चुभन या जकड़न का अहसास होता है। आमतौर पर लोग इसे हल्का थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह शरीर का एक संकेत हो सकता है। आइए जानते हैं कि इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।
एक्सपर्ट की राय
हेल्थ के बारे में जानकारी देने वाली वेबसाइट Healthline के अनुसार, सुबह उठते ही एड़ी में दर्द का सबसे आम कारण प्लांटर फैसाइटिस हो सकता है। यह एक स्थिति है जिसमें पैर के तलवे में मौजूद मोटी लिगामेंट में सूजन आ जाती है। रातभर आराम की स्थिति में रहने के कारण उस हिस्से में ब्लड फ्लो कम हो जाता है, जिससे सुबह उठते ही जकड़न और दर्द ज्यादा महसूस होता है। कुछ मिनट चलने के बाद यह दर्द थोड़ा कम हो जाता है, लेकिन अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो यह समस्या बढ़ सकती है।
एचिलीस टेंडिनाइटिस की समस्या
दूसरी समस्या एचिलीस टेंडिनाइटिस हो सकती है, जिसमें पिंडली की मांसपेशियों को एड़ी से जोड़ने वाली नस में सूजन आ जाती है। इस स्थिति में दर्द सुबह के साथ-साथ दिनभर भी बना रह सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें ज्यादा दौड़ने या पैरों पर दबाव डालने की आदत होती है। कभी-कभी यह दर्द रूमेटॉइड आर्थराइटिस से भी जुड़ा हो सकता है, जो एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की इम्यून सिस्टम जोड़ों पर असर डालने लगती है, जिससे एड़ी और पैरों में सूजन और दर्द बढ़ सकता है।
अन्य संभावित कारण
अगर एड़ी का दर्द धीरे-धीरे बढ़ रहा है और चलने में दिक्कत हो रही है, तो यह स्ट्रेस फ्रैक्चर का संकेत हो सकता है। यह हड्डी में छोटी दरार की तरह होता है, जो ज्यादा दबाव या गलत तरीके से चलने-भागने के कारण होता है। इस स्थिति में दर्द दिनभर बना रहता है और समय के साथ बढ़ता जाता है। इसके अलावा, हाइपोथायरॉयडिज्म जैसी थायरॉयड से जुड़ी समस्याएं भी एड़ी के दर्द का कारण बन सकती हैं। शरीर में हार्मोन का संतुलन बिगड़ने से पैरों और एड़ी में सूजन आ सकती है, जिससे सुबह उठते ही दर्द महसूस होता है।
समाधान क्या है?
- हल्की स्ट्रेचिंग और व्यायाम – प्लांटर फैसाइटिस से राहत पाने के लिए दिनभर में हल्की स्ट्रेचिंग और पैरों की एक्सरसाइज करें। यह लिगामेंट को लचीला बनाए रखने में मदद करता है।
- गर्म पानी में पैरों को डुबोना – एड़ी के दर्द से राहत पाने के लिए गर्म पानी में पैरों को कुछ मिनटों के लिए डुबोकर रखें।
- सही जूते पहनें – जूतों का चुनाव भी महत्वपूर्ण होता है। फ्लैट और असहज जूते पहनने से दर्द बढ़ सकता है, इसलिए अच्छे फुटवियर का चुनाव करें।
- चिकित्सकीय सलाह – अगर दर्द बढ़ जाए और आराम से राहत न मिले, तो डॉक्टर से संपर्क करें। जरूरी हो तो एक्स-रे और अन्य टेस्ट भी करवा सकते हैं।
सुबह उठते ही एड़ियों में दर्द एक सामान्य समस्या हो सकती है, लेकिन अगर इसे लगातार नजरअंदाज किया जाए, तो यह गंभीर समस्याओं का रूप ले सकता है। समय रहते उचित उपायों को अपनाकर इससे राहत पाई जा सकती है। अगर समस्या बढ़े तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।














