नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी और रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। फिल्म दिवाली 2026 के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। थिएटर रिलीज से पहले ही फिल्म के डिजिटल प्लेटफॉर्म को लेकर जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के बाद यह फिल्म जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। हालांकि, इसे देखने के लिए दर्शकों को सामान्य सब्सक्रिप्शन से अलग भुगतान करना पड़ सकता है।
‘रामायण पार्ट 1’ OTT पर कब और कहां होगी रिलीज?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के डिजिटल पार्टनर के तौर पर जियोहॉटस्टार का नाम सामने आया है। फिल्म की टीम ने जियोहॉटस्टार और निर्माता नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज के बीच साझेदारी की पुष्टि की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के डिजिटल और सैटेलाइट अधिकारों को लेकर करीब 450 करोड़ रुपये की बड़ी डील भी हुई है। हालांकि, फिल्म की ओटीटी रिलीज की सटीक तारीख अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में दर्शकों को डिजिटल रिलीज के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।
OTT पर फिल्म देखने के लिए करना होगा अलग भुगतान?
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ की डिजिटल रिलीज के दौरान जियोहॉटस्टार पर पे-पर-व्यू विकल्प दिया जा सकता है। इस मॉडल के तहत दर्शक फिल्म को अपने नियमित स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन के हिस्से के रूप में देखने के बजाय अलग से भुगतान करके देख सकेंगे।
पे-पर-व्यू मॉडल में दर्शक किसी खास फिल्म या कंटेंट को देखने के लिए अलग से कीमत चुकाते हैं। यानी फिल्म प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने के बावजूद उसे देखने के लिए अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। हालांकि, इसकी कीमत और भुगतान से जुड़ी शर्तों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘रामायण’
‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज डेट 5 नवंबर 2026 बताई गई है। फिल्म दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे IMAX 3D फॉर्मेट में भी दिखाए जाने की योजना है।
फिल्म की भव्यता और विजुअल इफेक्ट्स को देखते हुए इसे बड़े पर्दे पर देखने को लेकर दर्शकों में खास उत्साह है। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज के बाद यह फिल्म कितने समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आएगी, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
‘रामायण’ की स्टारकास्ट और फिल्म से जुड़ी खास बातें
‘रामायण’ को दो पार्ट वाली लाइव-एक्शन फिल्म सीरीज के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि की महाकाव्य कथा को स्क्रीन के लिए रूपांतरित किया है।
फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज, विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने इसे पहले से ही चर्चा में ला दिया है।
फिलहाल दर्शकों की नजर फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज के साथ-साथ इसकी ओटीटी रिलीज की तारीख और पे-पर-व्यू की कीमत पर भी है। इन जानकारियों को लेकर आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही फिल्म की डिजिटल उपलब्धता की पूरी तस्वीर साफ होगी।



