उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से बैंकिंग व्यवस्था को हिला देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकली करेंसी का बड़ा खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद बैंकिंग जगत और प्रशासनिक हलकों में भारी हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोफिया मार्केट शाखा में रूटीन ऑडिट के दौरान जब करेंसी चेस्ट की गहन जांच की गई, तो वहां से करोड़ों के नकली नोट मिलने की बात सामने आई। इस गंभीर मामले में लापरवाही और संलिप्तता पाए जाने पर तीन बैंक अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। इसके अलावा, एक अन्य मामले में बैंक मुख्यालय भेजी गई रकम में 4.36 लाख रुपये की नकदी कम मिलने का भी खुलासा हुआ है, जिसमें कैश कम मिलने के इस मामले में एक हाउसकीपर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार लोगों को नामजद किया है।
थाना सदर बाजार में इस सिलसिले में दो अलग-अलग मामलों के तहत दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हैं कि आखिर करोड़ों रुपये की यह नकली करेंसी बैंक की सुरक्षित मानी जाने वाली करेंसी चेस्ट तक पहुंची कैसे? इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस बैंक के पुराने कैश रिकॉर्ड, दस्तावेजों और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है। इस बड़े खुलासे के बाद बैंकिंग प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



