हाथरस : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। सीएम योगी ने राज्य की पिछली सरकारों पर उत्तर प्रदेश की छवि खराब करने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पहचान पूरी तरह बदल चुकी है, जबकि पहले की सरकारों में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला था।
‘पहले यूपी का नौजवान अपनी पहचान छुपाता था’
सीएम योगी ने कहा, “एक समय था जब उत्तर प्रदेश के नौजवानों को बाहर जाने पर अपनी पहचान छुपानी पड़ती थी। पहले हर जिले में एक माफिया होता था, गरीबों का शोषण किया जाता था और विकास की सभी सरकारी योजनाओं को भ्रष्टाचारी डकार जाते थे।” उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार में यूपी के युवाओं को गर्व से अपनी पहचान बताने का मौका मिला है और माफियाओं का पूरी तरह से सफाया कर दिया गया है।
अयोध्या और कांवड़ यात्रा को लेकर सपा को घेरा
सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था और फैसलों पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने अयोध्या में गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा, “अखिलेश जी, एक बार जाकर रामलला का दर्शन कर लीजिए। अयोध्या के बाद अब समय आ गया है कि आप मथुरा की बात करिये। भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि को पूरा सम्मान मिलना चाहिए और इस मुद्दे पर अब आपको खुलकर बोलना चाहिए।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा गरमा गया है ।



