शामली जनपद के कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर में सोशल मीडिया के जरिए हनी ट्रैप और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग से परेशान एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय बिलाल पुत्र इस्लाम के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक के भाई सुहैल ने बताया कि बिलाल ने 14 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों और बहनों को दो वीडियो भेजे थे, जिनमें उसने आपबीती बताते हुए जहरीला पदार्थ खाने की बात कही थी। वीडियो में उसने कहा कि फर्जी ऐप और झूठे लोन के नाम पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था और उसकी जिंदगी पूरी तरह से बर्बाद कर दी गई है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी आत्महत्या के लिए उसके परिजन जिम्मेदार नहीं हैं।
परिजनों के मुताबिक, वीडियो मिलने के बाद जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद मिला। बाद में खोजबीन के दौरान उसका शव गांव के खेतों में मिला। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के छोटे भाई सुहैल ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद जब मोबाइल फोन अनलॉक किया गया तो व्हाट्सएप पर कई विदेशी नंबरों, जिनमें कथित तौर पर पाकिस्तानी नंबर भी शामिल थे, से लगातार लोन और पैसे लौटाने के नाम पर दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार बिलाल को अश्लील फोटो भेजकर उसे बदनाम करने और परिचितों को भेजने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहे थे। इस दौरान मृतक से तीन लाख रुपये से अधिक की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाई गई थी।
परिजनों का कहना है कि मौत के बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी है और आरोपी अब भी अलग-अलग नंबरों से कॉल कर गाली-गलौच कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक बिलाल मजदूरी का काम करता था और अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे बच्चे—एक 6 वर्षीय बेटा, एक 3 वर्षीय बेटी और एक 1 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते बिलाल अपनी परेशानी साझा कर देता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



