हापुड़ : उत्तर प्रेदश के हापुड़ में देर रात हुए एनकाउंटर में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश श्याम मारा गया। यह घटना चेकिंग के दौरान हुई, जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, बदमाश श्याम ने रूकने के बजाय अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें श्याम गोली लगने से मारा गया। एनकाउंटर के दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है।
50 हजार रुपये का इनाम घोषित था
बता दे कि मारा गया बदमाश 1 जून को एक टिम्बर व्यापारी के घर हुई करोड़ों की लूट के मामले में वॉन्टेड था और तब से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मौके से पुलिस ने बदमाश के कब्जे से कैश, पिस्टल और बाइक बरामद की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात 12:30 बजे हुई मुठभेड़ ।
बदमाशों ने ट्यूबवेल की आड़ में पुलिस टीम पर हमला कर दिया
मामले की जानकारी देते हुए हापुड़ के SP कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12:30 बजे बुलंदशहर रोड पर थाना पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर आता दिखा। लेकिन उसने बाइक रोक दी और भाग गया। जिसपर थाना पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और दूसरे थानों को भी अलर्ट कर दिया।
बदमाश श्याम बुलंदशहर रोड पर सादिकपुर गांव की तरफ मुड़ गया। थाना नगर पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही थी, दूसरी तरफ से थाना देहात पुलिस भी पहुंच गई। बदमाशों ने ट्यूबवेल की आड़ में पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जिस पर पुलिस ने बचाव में फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डकैती और गैंगस्टर का मामला दर्ज था
वही एसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र के रूप में हुई है। उसने 1 जून को एक व्यापारी के घर बंधक बनाकर डकैती की थी और वह वांछित आरोपी था। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। इसके अलावा आरोपी पर डकैती और गैंगस्टर का मामला दर्ज है। घटनास्थल पर फोरेंसिक की ट्राम मौजूद है। इसके साथ ही अन्य कानूनी कार्रवाई चल रही है।



