Parliament Monsoon Session: लोकसभा में बुधवार को Supreme Court (Number of Judges) Amendment Bill, 2026 पर विचार और पारित करने के लिए चर्चा होगी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संसद के जारी मानसून सत्र में इस विधेयक को पेश करेंगे।
यह विधेयक 20 जुलाई को लोकसभा में पेश किया गया था। मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच अब इस विधेयक को आगे बढ़ाया जाएगा। लोकसभा के आज के कार्य सूची के अनुसार, अर्जुन राम मेघवाल सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) अधिनियम, 1956 में संशोधन के लिए विधेयक को विचार के लिए रखेंगे और इसके पारित होने का प्रस्ताव पेश करेंगे।
यह विधायी कार्य 16 मई को राष्ट्रपति द्वारा जारी किए गए Supreme Court (Number of Judges) Amendment Ordinance, 2026 को बदलने के लिए लाया गया है। Supreme Court (Number of Judges) Amendment Bill, 2026 का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या से जुड़े प्रावधानों में संशोधन करना है।
इससे पहले दिन के कार्यों में किरण रिजिजू और गौरव गोगोई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की रिपोर्ट पेश करेंगे। वहीं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और मनसा लाल रावत कोयला, खान और इस्पात मंत्रालय से संबंधित स्थायी समिति की रिपोर्ट पेश करेंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे मंत्रालय से जुड़ी स्थायी समिति की सिफारिशों पर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की स्थिति पर बयान देंगे। इसके अलावा सदन में विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों द्वारा दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
राज्यसभा में भी कई रिपोर्ट पेश की जाएंगी। रक्षा मामलों से संबंधित रिपोर्ट, धनुष गन सिस्टम के उत्पादन में देरी और खराब गोला-बारूद बदलने में 62.10 करोड़ रुपये के नुकसान सहित अन्य मुद्दों पर रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी।
मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई को हुई थी और यह 13 अगस्त तक चलेगा।



