लखीमपुर खीरी: मासूमियत जब व्यवस्था के सामने सवाल खड़ी करती है, तो वह पूरे समाज का ध्यान खींच लेती है। कुछ ऐसा ही मामला लखीमपुर खीरी के सलेमपुर कोन क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ कक्षा 1 की छात्रा मानवी सिंह ने अपनी जर्जर सड़क को लेकर जिलाधिकारी से एक मार्मिक अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मानवी कहती नजर आ रही है…… “हेलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, मेरी सड़क बनवा दो।”

जलभराव और कीचड़ ने छीनी राह

राजकीय पॉलिटेक्निक स्कूल के समीप रहने वाली मानवी ने वीडियो के जरिए बताया कि यह मार्ग लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह न केवल उनके घरों को जोड़ता है, बल्कि सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान केंद्र, अंबेडकर पार्क और पानी की टंकी जैसी अनिवार्य सुविधाओं तक पहुँचने का भी एकमात्र रास्ता है।

ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुसीबतें

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन राहगीर और स्कूली बच्चे दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं। सामान्य दिनों में भी यहाँ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है, वहीं बारिश के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ और पानी के तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा, प्रशासन के जवाब का इंतजार

नन्ही मानवी की यह मासूम गुहार अब सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर तेजी से वायरल हो रही है। आम नागरिक मानवी की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं और जिला प्रशासन से इस जर्जर सड़क के तत्काल जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं।

अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या डीएम अंकल इस ‘बिटिया’ की भावुक अपील पर संज्ञान लेकर क्षेत्र के निवासियों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति दिलाएंगे?

Lucknow के हनुमान सेतु मंदिर में पहले बड़े मंगल पर उमड़ी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम!

शेयर करना
Exit mobile version